भोपाल, 28 जनवरी । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज (बुधवार काे) एक भव्य राज्य स्तरीय शैक्षिक गुणवत्ता शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा अपने 55 वर्षों के गौरवशाली सफर के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जहां उनके शिक्षक हितैषी निर्णयों के लिए उनका भव्य अभिनंदन और सम्मान किया जाएगा।
यह सम्मेलन दोपहर 1 बजे से शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय, शिवाजी नगर, भोपाल में आयोजित होगा। इसमें प्रदेशभर से करीब 3 से 4 हजार शिक्षक एवं पदाधिकारी भाग लेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षणिक महासंघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री (दिल्ली) महेंद्र कपूर और विधायक भगवानदास सबनानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के राज्य अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर करेंगे।
शैक्षिक गुणवत्ता पर मंथन, सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान
सम्मेलन के दौरान शैक्षिक गुणवत्ता, शिक्षा में नवाचार और शिक्षक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, शिक्षा और संगठन के प्रति समर्पित सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान भी किया जाएगा।
55 वर्षों की उपलब्धियों की प्रदर्शनी
इस अवसर पर संगठन की 55 वर्षों की शैक्षणिक एवं सामाजिक उपलब्धियों को दर्शाने वाली एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें राष्ट्र, शिक्षा और छात्र हित में किए गए कार्यों की झलक देखने को मिलेगी।
व्यवस्था और पंजीयन के पुख्ता इंतजाम
आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। पंजीयन व्यवस्था शिवाजी नगर स्थित उद्यान में की गई है। महिला पदाधिकारियों के ठहरने हेतु दीपशिखा विद्यालय में विशेष व्यवस्था की गई है। सभी जिलाध्यक्षों को अपने-अपने जिलों के पदाधिकारियों की सूची जमा कर प्रवेश पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था
प्रदेश के विभिन्न संभागों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है—
रीवा, जबलपुर, शहडोल: राजीव गांधी हाई स्कूल, माचना कॉलोनी
ग्वालियर-चंबल, सागर: सरोजिनी नायडू उ.मा. विद्यालय
भोपाल, नर्मदापुरम: ओल्ड कैंपियन कन्या विद्यालय, अरेरा कॉलोनी
इंदौर, उज्जैन: संजय गांधी उ.मा. विद्यालय
विशिष्ट अतिथि: सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय परिसर
कार्यकर्ता: केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2
शिक्षकों का महाकुंभ
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रांतीय संगठन मंत्री हिम्मत सिंह जैन के सानिध्य में आयोजित इस सम्मेलन को शिक्षकों के महाकुंभ के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें शिक्षा की दिशा और दशा पर सार्थक विमर्श होने की उम्मीद है।










.jpg)








