बलरामपुर : बारिश बनी मुसीबत, एनएच-343 पर कीचड़ में फंस रहे वाहन

post

बलरामपुर : बारिश बनी मुसीबत, एनएच-343 पर कीचड़ में फंस रहे वाहन

बलरामपुर, 07 जुलाई । बलरामपुर जिले में एनएच-343 के निर्माण कार्य के बीच मानसून ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रामानुजगंज से बलरामपुर तक कई जगह सड़क कीचड़ में बदल गई है। खासकर नवापारा पुलिया के पास वन-वे सर्विस लेन पर छोटे वाहन और बाइक चालक सबसे ज्यादा परेशान हैं। वाहन फंसने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और लोगों का सफर जोखिम भरा हो गया है।

बलरामपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-343 (एनएच-343) के निर्माण कार्य के चलते रामानुजगंज से बलरामपुर तक का सफर इन दिनों लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। मानसून की बारिश के कारण निर्माणाधीन सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है। हालत यह है कि बाइक से यात्रा करना खतरे से खाली नहीं रह गया है, जबकि छोटे चारपहिया वाहन भी जगह-जगह फंस रहे हैं।

सबसे अधिक परेशानी आरागाही के नवापारा के पास निर्माणाधीन पुलिया क्षेत्र में देखने को मिल रही है। यहां पुलिया निर्माण के कारण वाहनों की आवाजाही वन-वे सर्विस लेन से कराई जा रही है। लगातार बारिश से यह सर्विस रोड पूरी तरह दलदल जैसी हो गई है। कीचड़ इतना ज्यादा है कि वाहन फिसल रहे हैं और कई बार उनके पहिए मिट्टी में धंस जा रहे हैं। ऐसे में वाहन चालकों को स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ियों को निकालना पड़ रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप, ऑटो एवं अन्य छोटे वाहन आए दिन इस रास्ते में फंस रहे हैं। एक वाहन के फंसते ही पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार लोगों को घंटों तक सड़क पर इंतजार करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों, स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले यात्रियों को उठानी पड़ रही है।

बाइक चालकों के लिए यह मार्ग सबसे ज्यादा जोखिम भरा साबित हो रहा है। कीचड़ और फिसलन के कारण संतुलन बिगड़ने का खतरा लगातार बना रहता है। कई जगह सड़क पर गड्ढे पानी और मिट्टी से ढंक गए हैं, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच का निर्माण कार्य लंबे समय से जारी है, लेकिन बारिश शुरू होने के बाद काम की गति और धीमी पड़ गई है। लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक कम से कम सर्विस लेन को इस तरह व्यवस्थित किया जाए कि आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

बारिश के मौसम में सड़क की मौजूदा स्थिति लोगों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बन गई है। लोगों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग से मांग की है कि नवापारा पुलिया के पास सर्विस रोड पर तत्काल मुरूम, गिट्टी या अन्य आवश्यक सामग्री डालकर रास्ते को चलने योग्य बनाया जाए, ताकि रोजाना लगने वाले जाम और दुर्घटना की आशंका से राहत मिल सके।

You might also like!




Advertisment