अनूपपुर: जिला अस्पताल को 300 बिस्तरीय बनाने की मांग, आयोग अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


शहर 07 July 2026
post

अनूपपुर: जिला अस्पताल को 300 बिस्तरीय बनाने की मांग, आयोग अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

अनूपपुर, 07 जुलाई । मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के लिए पूर्व में घोषित 300 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय का उन्नयन अब तक नहीं होने पर मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रातलाल रौतेल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में आयोग के अध्यक्ष रातलाल रौतेल ने उल्लेख किया है कि अनूपपुर एक जनजाति बाहुल्य जिला है, जहां बड़ी संख्या में अनुसूचित जनजाति समुदाय निवास करता है। जिले की लगातार बढ़ती जनसंख्या तथा दूरस्थ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों की संख्या को देखते हुए वर्तमान स्वास्थ्य सुविधाएं अपर्याप्त साबित हो रही हैं। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अन्य जिलों या बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक, सामाजिक और शारीरिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि जनहित एवं विशेष रूप से अनुसूचित जनजाति समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अनूपपुर जिला चिकित्सालय को 300 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में उन्नत किया जाना आवश्यक है। इसके लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जानी चाहिए।

आयोग के अध्यक्ष रातलाल रौतेल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जिला चिकित्सालय अनूपपुर को 300 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में उन्नयन की स्वीकृति देते हुए आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाए। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के पद सृजित किए जाएं, आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं तथा अस्पताल की अधोसंरचना के विकास के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि जिले के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

You might also like!




Advertisment