काठमांडू, 26 अगस्त । तिब्बत में आज सुबह ग्लेशियर के फूटने से नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के नेपाल चीन सीमा पर नेपाल आने के लिए खड़े 500 से अधिक कंटेनर के बह जाने की खबर है।
नेपाल हिमालय सीमापार वाणिज्य संघ के अनुसार रसुवा के टिमुरे स्थित कस्टम कार्यालय के यार्ड में रखे सैकड़ों कंटेनर बाढ़ में बह गए हैं। संघ के सचिव आङदोर्जे शेर्पा के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में यार्ड में रखे करीब 200 कंटेनर बाढ़ में बहने की बात सामने आई है। इसी तरह चीन की ओर सामान लेने जा रहे करीब 300 कंटेनर भी बाढ़ की चपेट में आए हैं। शेर्पा ने बताया कि इनमें से शायद 10 प्रतिशत कंटेनर ही बचे होंगे। टिमुरे में रहने वाले मेरे भाइयों ने बताया है कि पूरा गांव ही बह गया है। कंटेनर भी कतार में खड़े थे। चीन की ओर जाने वाले रास्ते का अब कोई निशान नहीं है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल एक हेलीकॉप्टर टिमुरे पहुंचा है और 7-8 घायलों का उद्धार कर उन्हें काठमांडू भेजा गया है। कस्टम कार्यालय स्थित टिमुरे क्षेत्र में बाढ़ का पानी अब कुछ कम हुआ है और टेलीफोन सेवाएं भी धीरे-धीरे सुचारु होने लगी हैं।
संघ के अध्यक्ष रामहरि कार्की ने भी बताया कि सैकड़ों कंटेनर और बड़ी संख्या में लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं। उनका कहना है कि अचानक आई बाढ़ के कारण बड़े पैमाने पर जनधन का नुकसान हुआ है।

















