भारत और इजराइल ने मुक्त व्यापार समझौते की वार्ता का दूसरा दौर संपन्न किया।


विदेश 25 July 2026
post

भारत और इजराइल ने मुक्त व्यापार समझौते की वार्ता का दूसरा दौर संपन्न किया।

भारत और इज़राइल ने प्रस्तावित भारत-इज़राइल मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए वार्ता का दूसरा दौर सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस माह की 20 से 23 तारीख तक नई दिल्ली में चले चार दिवसीय वार्ता के दौरान, दोनों पक्षों ने प्रस्तावित समझौते के सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की और एक संतुलित, व्यापक और पारस्परिक रूप से लाभकारी एफटीए की दिशा में प्रगति जारी रखी।

इस दौर के दौरान, दोनों पक्षों के तकनीकी विशेषज्ञों ने प्रस्तावित समझौते के तहत वस्तुओं के व्यापार, सेवाओं के व्यापार, उत्पत्ति के नियमों, स्वच्छता और पादप स्वच्छता उपायों, व्यापार में तकनीकी बाधाओं, बौद्धिक संपदा अधिकारों, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं और व्यापार सुविधा, आर्थिक सहयोग और अन्य अध्यायों को कवर करने वाले विशेष सत्र आयोजित किए। 
 
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि चर्चाएँ रचनात्मक और दूरदर्शी थीं, जिनमें दोनों पक्षों ने मतभेदों को दूर करने और सहमति के क्षेत्रों की पहचान करने के उद्देश्य से विस्तृत तकनीकी विचार-विमर्श किया। उन्होंने भारत और इज़राइल के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और आर्थिक संबंधों को और अधिक मजबूत करने वाले संतुलित, व्यापक और पारस्परिक रूप से लाभकारी मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को शीघ्र संपन्न करने की दिशा में काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया।
 
मंत्रालय ने आगे कहा कि पिछले साल नवंबर में दोनों देशों के बीच हस्ताक्षरित संदर्भ की शर्तें (टीओआर) द्विपक्षीय व्यापार, आर्थिक सहयोग और समग्र आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए चिन्हित क्षेत्रों पर बातचीत के लिए संरचित ढांचा प्रदान करती रहेंगी।

You might also like!




Advertisment