दस साल बाद पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने पर मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत, कर्मचारियों ने जताया आभार


शहर 08 July 2026
post

दस साल बाद पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने पर मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत, कर्मचारियों ने जताया आभार

भोपाल, 08 जुलाई। मध्य प्रदेश में करीब दस वर्षों बाद शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने पर बुधवार को मंत्रालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वागत किया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के निर्णय पर आभार जताते हुए सभी विभागों और जिलों में लंबित पदोन्नतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग भी रखी। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सभी पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिलाया जाएगा।

बुधवार को कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जैसे ही मंत्रालय पहुंचे, प्रवेश द्वार पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर पदोन्नति प्रक्रिया शुरू किए जाने के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर भोपाल दक्षिण-पश्चिम के विधायक भगवानदास सवनानी, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा, मध्य प्रदेश कर्मचारी संघ एवं शीघ्र लेखक संघ के अध्यक्ष सुभाष वर्मा, जी.पी. सिंह, मंत्रालय अजाक्स शाखा के अध्यक्ष घनश्याम भकौरिया, एस.सी. ओसले तथा मध्यप्रदेश राज्य मंत्रालय शासकीय अधिकारी-कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ओ.पी. गौर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

सभी विभागों में पदोन्नति प्रक्रिया तेज करने की मांग

कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी कि मंत्रालय के साथ-साथ प्रदेश के सभी विभागों और जिलों में भी पदोन्नति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए। उनका कहना था कि कुछ विभागों में प्रशासनिक स्तर पर देरी के कारण पात्र अधिकारी और कर्मचारी अभी तक पदोन्नति का लाभ नहीं प्राप्त कर सके हैं।

मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा

मध्यप्र देश राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा ने मुख्यमंत्री से प्रदेशभर में लंबित पदोन्नतियों का शीघ्र निराकरण कराने का आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भरोसा दिलाया कि सरकार सभी विभागों में पदोन्नति प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र अधिकारी या कर्मचारी पदोन्नति के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देने का भी आश्वासन दिया।

You might also like!




Advertisment