भोपाल, 09 जुलाई । मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक स्कूल वैन हादसे का शिकार हो गई। पंचवटी क्षेत्र से बच्चों को लेकर जा रही भोपाल गर्ल्स स्कूल की वैन कोहेफिजा थाने के सामने फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में वैन में सवार छह बच्चे सुरक्षित बच गए, जबकि आगे की सीट पर बैठी स्कूल की एक महिला स्टाफ सदस्य घायल हो गई। उनके सिर में चोट आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए बच्चों को सुरक्षित वैन से बाहर निकाला और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद बच्चों को दूसरे वाहन से सुरक्षित स्कूल के लिए रवाना किया गया। कोहेफिजा थाना प्रभारी के.जी. शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फ्लाईओवर पर वैन के सामने अचानक एक बड़ा वाहन आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वैन सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई।
पुलिस ने यह भी आशंका जताई है कि वैन के ब्रेक में तकनीकी खराबी हो सकती है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक ने संभावित बड़े हादसे से बचने के लिए वैन को खंभे से टकराकर रोकने का प्रयास किया। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने वैन की मैकेनिकल जांच कराने के निर्देश दिए हैं। चालक से भी पूछताछ की जाएगी कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल सभी बच्चे सुरक्षित हैं, जबकि घायल महिला स्टाफ का उपचार जारी है।



















