महाराष्ट्र के मुंबई में डीजल आपूर्ति में 5 से 10 प्रतिशत की कटौती


देश 09 May 2026
post

महाराष्ट्र के मुंबई में डीजल आपूर्ति में 5 से 10 प्रतिशत की कटौती

मुंबई, 09 मई । महाराष्ट्र के मुंबई शहर में डीजल की आपूर्ति में 5 से 10 प्रतिशत तक की कटौती किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस कटौती का असर शहर के कई पेट्रोल पंपों पर दिखाई देने लगा है। खासकर मालवाहक और व्यावसायिक वाहन चालकों को डीजल भरवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि, पेट्रोल की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है, जिससे आम वाहन चालकों को फिलहाल राहत है।

पेट्रोल पंप ऑनर्स एसोसिएशन के सूत्रों के अनुसार तेल कंपनियां औद्योगिक क्षेत्रों को डीजल आपूर्ति देने को अधिक प्राथमिकता दे रही हैं। इसके चलते पेट्रोल पंपों को मिलने वाला डीजल कोटा अपेक्षाकृत कम हो गया है। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष की तुलना में मुंबई में डीजल आपूर्ति में 5 से 10 प्रतिशत की कमी आई है। इस स्थिति के कारण मुंबई के कुछ इलाकों में डीजल का स्टॉक सीमित मात्रा में उपलब्ध है, जिससे परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। कई व्यावसायिक वाहन चालकों को डीजल के लिए अधिक समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।

वहीं, कई उद्योगों और कारखानों को अपने दैनिक संचालन के लिए बड़ी मात्रा में डीजल की आवश्यकता होती है। इन उद्योगों को निर्धारित कोटे के अनुसार डीजल उपलब्ध कराया जाता है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से कुछ कारखानों को तय कोटे से अधिक डीजल आपूर्ति किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके चलते मुंबई के लिए उपलब्ध डीजल आपूर्ति में कमी आई है। हालांकि, इस कटौती के पीछे का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। मुंबई में डीजल आपूर्ति कब तक सामान्य होगी, इस संबंध में तेल कंपनियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

You might also like!




Advertisment